खरगोन। शहर का ऐतिहासिक श्री नवग्रह मेला भूमिपूजन, जमीन आवंटन प्रक्रिया के बाद दुकानें लगने की अवधि समाप्त हो चुकी है, फिलहाल मेला तय अवधि में शुरु नही हो सका। इस बीच गुरुवार को प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर नपा सहित मेला व्यापारियों की विवेकानंद सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें एसडीएम बीएल कलेश ने कहा कि मेले में सुरक्षा, सेहत सभी की सामुहिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी तरह की कोताही न बरती जाए। दुकानों पर आग से बचाव के लिए उपकरण जरुरी है। ऐसा न करने पर दुकानदार के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाए। झूलों पर करंट न फैले इसलिए मानक अनुरुप बिजली उपकरण लगाए जाएं, बैठक में सायकल स्टेंड ठेकेदार हरिओम यादव ने तय समय में मेला शुरु नही होने साथ ही तय समय में सीसीटीवी कैमरे नही लगने पर नाराजगी जताई। झूला व्यवसायी राजू सोनी ने मेला अवधि रात 11 से 12 बजे तक करने एवं 15 फरवरी के बजाय 16 फरवरी को समापन की मांग रखी। - पार्किंग स्थल से अन्यत्र वाहन लगाने पर होगी जुर्माने की कार्रवाई- 16 फरवरी को समापन पर बनी सहमति।