रतलाम। स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने शहर में अमानक पॉलिथीन और डिस्पोजेबल सामग्री के उपयोग और निर्माण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही स्वागत समारोह के दौरान कागज की कतरन या अन्य सामग्री का उपयोग करने वालों को चिन्हित किया जाएगा और सफाई की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर होगी।
महापौर प्रहलाद पटेल ने स्वच्छता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति की बैठक ली। उन्होंने कहा, ष्शहर स्वच्छ होगा, तभी देश स्वच्छ होगा। महापौर खुद प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए पुरी ईमानदारी से जुट जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारा कार्य है। लोगों को जागरूक करना पड़ेगा। इसलिए अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्य के दौरान नागरिकों को स्त्रोत पर ही गीले एवं सूखे कचरे को अलग अलग कर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में ही डालने के लिए जागरूक करे।
अमानक पॉलीथीन और डिस्पोजल पर सख्ती
महापौर ने जोर देकर कहा कि अमानक पॉलीथीन और डिस्पोजल का उपयोग व निर्माण पूर्णतः प्रतिबंधित है। सभी झोन और वार्ड प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उनके क्षेत्र में इस नियम का पालन हो। अगर किसी क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
स्वच्छता में लापरवाही पर कार्रवाई
निगम कमिश्नर हिमांशु भट्ट ने कहा कि रतलाम को कचरा मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी वार्ड में पॉलिथीन और डिस्पोजल के उपयोग या निर्माण की सूचना मिलने पर संबंधित प्रभारी का एक दिन का वेतन काटा जाएगा।
स्वागत करने वालों को किया जाएगा चिह्नित
महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए पॉलीथिन व डिस्पोजल पर बेन लगा दिया है। नगर निगम कार्यालय में भी रोक लगा दी है। शहर में निकलने वाले चल समारोह, जुलूस व अन्य कार्यक्रमों में मशीनों की कागज, प्लास्टिक व फूलों की कतरन से स्वागत किया जाता है। इसे मशीन संचालकों को चिन्हित किया जा रहा है। वह स्वागत करे, लेकिन सफाई का जिम्मा भी उन्हीं का होगा। इसके लिए निर्देश भी जारी किए जा रहे है।