मंदसौर। पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले तीन महीनों में खोए गए 17 लाख 20 हजार रुपए मूल्य के 97 मोबाइल फोन को बरामद कर उनके मालिकों को वापस लौटा दिए हैं। एसपी अभिषेक आनंद और एएसपी गौतम सोलंकी के नेतृत्व में चलाए गए श्ऑपरेशन गुम मोबाइलश् अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि आजकल लोगों की व्यस्तता और लापरवाही के कारण महंगे मोबाइल फोन गुम हो जाते हैं, जिससे न केवल आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि साइबर अपराध का भी खतरा बना रहता है। इस समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक कार्यक्रम में एसपी ने सभी बरामद मोबाइल फोन उनके वैध मालिकों को सौंप दिए। इस कार्रवाई से जहां एक ओर लोगों को उनकी कीमती संपत्ति वापस मिली। वहीं, दूसरी ओर संभावित साइबर अपराधों को भी रोका जा सका। पुलिस की इस कार्रवाई से आम जनता में सुरक्षा का संदेश गया है।