नीमच। राजस्व महाअभियान के तहत राजस्व अमला घर-घर संपर्क कर, शेष किसानों की ई-केवायसी एवं फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण करवाएं। साथ ही नक्शा बंटकान का कार्य भी पूर्ण करें। यह निर्देश कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा क्षेत्र के भ्रमण दौरान गांव बड़कुआ, देवरी खवासा और बरथून में ई-केवायसी एवं फार्मर रजिस्ट्री शिविर का निरीक्षण कर, दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ अरविंद डामोर, एसडीएम पवन बारिया, तहसीलदार बीके मकवाना व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने राजस्व अमले को निर्देशित किया कि वे शेष रहे सभी किसानों की खसरा ई-केवायसी एवं फार्मर रजिस्ट्री का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने राजस्व अमले से शिविर में अब तक किए गऐ ई-केवायसी, फार्मर रजिस्ट्री एवं बंटाकन कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
बड़कुआ में उपस्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को ग्राम बड़कुआ में प्राथमिक उपस्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर, उपचार सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होने सीएचओ से दवाईयों की उपलब्धता एवं वितरण, टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत टी.बी.मरीजों की जॉंच, एक्सरें एवं दवाई वितरण, पदस्थ स्टॉफ आदि की जानकारी ली। कलेक्टर ने गांव के शतप्रतिशत संभावित टी.बी.मरीजों की जॉंच कर आवश्यकतानुसार उपचार मुहैया कराने के निर्देश भी दिए।