खरगोन। कसरावद तहसील के ग्राम ओझरां में चार दिवसीय प्रज्ञा पुराण कथा का वाचन जारी है। कथा सुनने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा के तीसरे दिन व्यासपीठ से कथावाचक सूरत सिंह अमृते ने दुर्व्यसन पर बात करते हुए कहा कि आज छोटे छोटे बच्चे नशा कर रहे हैं। आज नई पीढ़ी को हमें नशे से मुक्त कराना है क्योंकि नशा बड़ा घातक है। नशा हम नहीं खाते बल्कि नशा हमें खा जाता है। उन्होंने बताया कि एक अध्ययन के अनुसार आज हर दिन हमारे देश में 72 अरब रुपए सिर्फ नशा में बर्बाद हो रहे हैं। यही नशा हमें अल्सर और कैंसर जैसी भयानक बीमारी दे रहा है। इसलिए उन्होंने उपस्थित सभी भाई-बहनों को नशा न करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि संस्कारवान और नशामुक्त आदर्श युवा ही सशक्त राष्ट्र के निर्माता हैं।