इंदौर। उत्तर भारत में मौसम खराब होने का असर इंदौर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स पर भी नजर आ रहा है। आज इंदौर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली लगभग 6 फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में कोहरे के कारण अधिकतर फ्लाइट्स लेट हो रही हैं।
कल देर रात तक इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स के लेट आने का सिलसिला जारी रहा, जिससे इंदौर एयरपोर्ट से जाने वाली फ्लाइट्स भी प्रभावित हुईं।
इंदौर एयरपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक, आज इंदौर से जयपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई7274 सुबह 6ः20 की जगह 7ः15 बजे रवाना हुई। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट आई एक्स 2511 सुबह 7ः50 की जगह लगभग 3 घंटे की देरी से 10ः18 बजे रवाना हुई। इसी तरह, इंदौर से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई959 सुबह 9ः10 की जगह 10ः49 बजे रवाना हुई।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, आज दोपहर 12540 बजे हैदराबाद के लिए रवाना होने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई2511 भी लेट होगी और लगभग 1ः45 बजे उड़ान भरेगी। इसी प्रकार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट आईएक्स2513 दोपहर 3ः50 की जगह आज शाम 6ः20 बजे रवाना होगी।
बैंगलोर-इंदौर फ्लाइट लेट आई
बंगलौर से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आई एक्स 2511 आज दो घंटे की देरी से इंदौर पहुंची। यह फ्लाइट रोजाना सुबह 7ः10 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरती है, लेकिन आज यह सुबह 9ः17 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंची। बताया जा रहा है कि बंगलौर से इंदौर आने वाली यह फ्लाइट 13, 15, 16 और 17 जनवरी को भी अपने निर्धारित समय से लेट इंदौर पहुंची थी।
इसके अलावा, दिल्ली से इंदौर आने वाली कुछ अन्य फ्लाइट्स भी आज लेट होने की सूचना है, हालांकि उनकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।