नीमच। जिले के नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश की पात्रता के लिए 11 केंद्रों पर 3000 से अधिक बच्चों की परीक्षा आयोजित की जा रही है। नीमच के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 पर भी 288 बच्चे नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने के लिए परीक्षा दे रहे हैं। क्रमांक 2 के प्राचार्य ओमप्रकाश बंसल और सेंटर लेबल ऑब्जर्वर राजेश शर्मा ने बताया कि इनमें से 80 विद्यार्थियों का मेरिट के आधार पर चयन किया जाएगा। 12 वर्ष से 14 वर्ष की आयु के बच्चे प्रवेश के लिए पात्र होंगे। इसमें खास बात यह है कि प्रवेश के लिए 75 प्रतिशत विद्यार्थीयों का चयन ग्रामीण क्षेत्र से किया जाता है। लड़कियों के लिए एक तिहाई आरक्षण होता है।
उल्लेखनीय है कि नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास एकेडमिक और व्यावहारिक शिक्षा के आधार पर किया जाता है। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी नवोदय विद्यालय में संचालित होती है। नवोदय विद्यालय में अध्ययन छात्र-छात्राओं के लिए सभी उचित और आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाती है। गौरतलब है कि जिले में नवोदय विद्यालय रामपुरा क्षेत्र में है।