उज्जैन। अखिल भारतीय युवा ब्राह्मण समाज और श्री परशुराम पारमार्थिक सेवा न्यास की संयुक्त बैठक चाणक्यपुरी स्थित श्री परशुराम मंदिर पर संपन्न हुई। बैठक में रावण दहन पर चर्चा हुई।
समाजजन ने एक साथ कहा कि रावण दहन बंद नहीं हुआ तो इसके लिए आंदोलन किया जाएगा। इससे पहले शहर में होने वाले रावण दहन के आयोजकों को पत्र लिखकर इस प्रथा को बंद करने की मांग करेंगे
युवा ब्राह्मण समाज अध्यक्ष अर्पित पुजारी ने बताया कि बैठक में मुख्य प्रस्ताव रावण दहन को रोकने का रहा। इसे उपस्थित सभी ब्राह्मणों ने एक आवाज में एकमत से पारित किया। रावण दहन के नाम से ब्राह्मणों का जो अपमान किया जा रहा है, वह उचित नहीं हैं। रावण दहन पूर्ण रूप से बंद होना चाहिए।
आने वाले समय में शीघ्र ही रावण दहन रोकने की कार्य योजना के अंतर्गत नगर में सभी रावण दहन समितियों को पत्र लिखकर इसे बंद करने का अनुरोध किया जाएगा। और आवश्यकता पड़ने पर विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन भी किए जा सकते हैं।
न्यास के अध्यक्ष महेश पुजारी ने बताया कि बैठक में परशुराम पारमार्थिक सेवा न्यास और युवा ब्राह्मण समाज द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। ट्रस्ट द्वारा शीघ्र ही ब्राह्मण बालकों के लिए वैदिक गुरुकुल शुरू किया जाएगा। जिसमें उन्हें वैदिक शिक्षा के साथ तकनीकी और वर्तमान शिक्षा भी दी जाएगी।
परशुराम मंदिर के निर्माण कार्य में गति के साथ ट्रस्ट के नए कार्यों को ज्यादा गति और ऊर्जा के साथ करने का संकल्प लिया। बैठक की इस अवसर पर मुख्य रूप से भगवान शर्मा, राम पुजारी, रूपेश मेहता, राकेश जोशी, सुरेश शर्मा, श्रीवर्धन शास्त्री, धनीराम तिवारी, आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।