नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वामित्व योजना के तहत देशभर के पचास हजार से अधिक गांवों के हितग्राहियों को 65 लाख प्रॉपर्टी कार्डों का वितरण इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किया गया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा प्रधानमंत्री ने हितग्राहियों से संवाद किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नीमच के टाउन हॉल में भी किया गया। गौरतलब है कि इस योजना के तहत नीमच जिले के 320 गांव के 67000 लोग आज लाभान्वित हुए। जिनमें से चुनिंदा हितग्राहियों को प्रतिकात्मक स्वरूप विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और अन्य अतिथियों द्वारा प्रॉपर्टी कार्ड प्रदान किए गए। केंद्रीय कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विश्व के सामने संपत्ति का अधिकार एक बड़ी चुनौती है स्वामित्व योजना ने लोगों का जीवन बदल दिया है। इस अवसर पर उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से संपत्ति के कानूनी अधिकार मिल जाने के बाद लोगों को तमाम तरह की सुविधा प्राप्त करने में बड़ी आसानी होगी। बताते चले की 5 साल पहले स्वामित्व योजना प्रारंभ की गई थी। आज स्वामित्व योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल,एडीएम लक्ष्मी गामड़, एसडीम ममता खेड़े, जिला पंचायत के प्रभारी सीईओ अरविंद डामोर, मोहन राणावत,दारा सिंह यादव,निलेश पाटीदार, मनीषा धाकड़,रतन मालावत और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आभार डिप्टी कलेक्टर प्रीति सिंघवी ने व्यक्त किया।