नीमच। जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चलाए जा रहे सौ दिवसीय निक्षय अभियान एवं आयुष्मान भारत अभियान के तहत सभी सीएचओ एक सप्ताह में प्रगति लाए। बहुत ही कम प्रगति वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए। यह निर्देश कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा ने 100 दिवसीय निक्षय अभियान एवं 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुर्जगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद को दिये।
कलेक्टर चन्द्रा ने टाउनहाल नीमच में शनिवार को आयोजित स्वास्थ्य विभाग की बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर वार अभियान की विस्तार से समीक्षा की और निक्षय आई.डी. बनाने में लापरवाही बरतने वाले सीएचओ केविरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने निर्देश दिए, कि आगामी एक सप्ताह में आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर विशेष शिविर आयोजित कर क्षय रोग के प्रति संवेदनशील लोगो का स्वास्थ्य परीक्षण करे तथा उनकी निक्षय आई.डी. बनाए। साथ ही ओ.पी.डी. में आने वाले मरीजो की भी स्क्रिनिंग सुनिश्चित करे। उन्होने निर्देशित किया, कि 30 जनवरी के पश्चात इन दोनो अभियानों की प्रगति की पुनः समीक्षा की जावेगी। जिसमें न्यूनतम प्रगति पाये जाने पर संबंधित सी.एच.ओ. के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जावेगी। कलेक्टर ने 70 से अधिक आयुवर्ग के आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा में निर्देश दिये कि शेष हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड 30 जनवरी तक बनाककर लक्ष्य पूर्ण करे।
इस अवसर पर कलेक्टर ने अच्छा कार्य करने वाले सी.एच.ओ. की प्रशंसा भी की तथा उनके अनुभव भी साझा किये। बैठक में एडीएम लक्ष्मी गामड़, जिला पंचायत सीईओ अरविन्द डामोर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.दिनेश प्रसाद,जिला क्षय अधिकारी डा.मनीष यादव, सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला भी उपस्थित था।