नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा का खिलाड़ी के रूप में भी जलवा लाजवाब है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने आज नीमच की पुलिस लाइन पर क्रिकेट मैच के दौरान जमकर गेंदबाजी और बल्लेबाजी में हाथ आज़माएं। हिमांशु चंद्रा ने बल्लेबाजी करते हुए छक्के और चौके लगाए और गेंदबाजी करते हुए विकेट भी चटकाए। उनकी गेंद पर बल्लेबाज ने छक्का भी जड़ा। यह नजारा था नीमच की पुलिस लाइन पर आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का।
बताते चलें कि नीमच जिला पुलिस लाइन द्वारा अंतर विभागीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। नीमच पुलिस द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा ले रही है। जिसमें कलेक्टर इलेवन, पुलिस इलेवन, सीआरपीएफ, होमगार्ड, एसएएफ, पत्रकार इलेवन, प्रोफेसर इलेवन और एडवोकेट इलेवन की टीमें शामिल है। कलेक्टर इलेवन और एडवोकेट इलेवन के बीच हुए मैच में कलेक्टर इलेवन ने एक तरफा जीत हासिल की। एडवोकेट इलेवन ने पहले खेलते हुए 91 रन बनाए।
वहीं कलेक्टर इलेवन ने यह लक्ष्य 5 ओवर 5 गेंद में हासिल कर नौ विकेट से मैच जीत लिया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने 39 रन बनाए। वही प्रोफेसर इलेवन और पत्रकार इलेवन के बीच हुए मैच को पत्रकार इलेवन ने जीता। पुलिस और होमगार्ड के बीच हुए मुकाबले में पुलिस इलेवन ने विजय प्राप्त की। कल सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले नई पुलिस लाइन में खेले जाएंगे। आज हुए मैचों के मैन ऑफ द मैच विनर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, तरलीन सलूजा और संजय गहलोत रहे। इस टूर्नामेंट के मैच 10-10 ओवर के खेले जा रहे हैं। टूर्नामेंट की विजेता और उप विजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।