खरगोन। जिले के भीकनगांव में सीमांकन एवं नक्शा शुद्धिकरण की मांग का लेकर धरने पर बैठे जिले के एक किसान की जान पर बन आई है। पिछले 4 दिन से भीकनगांव तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठे किसान की रविवार हालत बिगड़ गई और उसे बेहाशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसान का आईसीयू में उपचार चल रहा है। किसान की इस हालत के बाद प्रदेश सरकार के राजस्व महाअभियान पर भी सवाल खड़े हो रहे है। उल्लेखनीय है कि सीमांकन और नक्शा सुधार से जुड़े राजस्व कार्याे के लिए ही प्रदेश सरकार महा अभियान चला रही है, ऐसे में किसान को महज 5 एकड़ जमीन के नक्शा सुधार ओर सीमांकन के लिए धरना प्रदर्शन कर रहा है।
मिली जानकारी अनुसार किसान चंद्रप्रकाश जायसवाल भीकनगांव का निवासी होकर 5 एकड़ जमीन है। जिसकी नपती करने पर आधा एकड़ मौके पर नहीं मिल रही। अपनी 5 एकड़ जमीन के सीमांकन के लिए किसान पिछले चार साल से लगा रहा सरकारी दफ्तरों के चक्कर। तहसील से लेकर एसडीएम और कलेक्टर कार्यालय तक शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नही होने से आहत किसान 15 जनवरी से तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठा था।