इंदौर। देवी अहिल्या बाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अगर आप चाय-नाश्ता करना चाहते हैं तो एक बार रेट लिस्ट जरूर देख लें। यहां 1 कप चाय 190 रुपए की और दो समोसा (एक प्लेट) 303 रुपए का पड़ेगा। वहीं इंदौर का फेमस पोहा यहां 399 रूपए का है। जो टैक्स जोड़कर लगभग 449 रूपए का मिलता है।
इंदौर एयरपोर्ट से यात्रा कर रहे एक यात्री ने इतना महंगा नाश्ता मिलने पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि क्या इंदौर एयरपोर्ट के नाश्ते में सोना, चांदी मिला हुआ है।
इंदौर एयरपोर्ट से यात्रा कर रहे एक यात्री ने आज सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट (एक्स) से इंदौर एयरपोर्ट के रेस्टोरेंट कैलाश चाट हाउस के मैन्यू के फोटो शेयर किए हैं। जिसमें पोहे की कीमत 399, समोसा 303 रुपए, चाय 190 रुपए, लस्सी 249, वड़ा पाव 329, पूरी भाजी 469, छोले पूरी 549, पराठा कॉम्बो 549, छोले भटूरे 619, पाव भाजी कॉम्बो 619 रुपए सहित कई अन्य चीजें बाजार की अपेक्षा 20 से 30 गुना तक महंगी देखी जा सकती है, जबकि कुछ साल पहले इंदौर एयरपोर्ट पर ही एक कंपनी मात्र 100 रुपए में भरपेट भोजन थाली भी परोस रही थी।
चड्ढा ने संसद में उठाया था मुद्दा
एयरपोर्ट पर मिलने वाले मंहगे नाश्ते को लेकर कुछ दिनों पहले आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने संसद में महंगे होते हवाई टिकट और एयरपोर्ट पर महंगे खान-पान पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि बाजार में 20 रुपए में मिलने वाली पानी की बॉटल एयरपोर्ट पर 100 रुपए में मिलती है। एयरपोर्ट पर एक चाय 250 रुपए और 350 रुपए का समोसा है। इसके बाद से ही एयरपोर्ट पर महंगे खान-पान को लेकर बहस छिड़ गई है। हांलाकि सरकार भी इस तरह के संकेत दे चुकी हैं कि एयरपोर्ट पर सस्ता नाश्ता उपलब्ध करवाया जाएगा।