नीमच। कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण पर लगातार कार्यवाही जारी है। इसके पश्चात भी माफिया द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण किया जा रहा है।
आज दिनांक 20.01.2025 को शाम को 6 बजे मनासा क्षेत्र में मुरम के अवैध उत्खनन की सूचना प्राप्त होने पर खनिज विभाग अपने दल के साथ ग्राम लोड़किया पहुंचा। जिला खनिज अधिकारी आरिफ खान ने बताया कि वे स्वयं तथा सहा. खनि अधिकारी गजेन्द्र सिंह डावर, सर्वेयर सुनिल जाधव मय होमगार्ड सैनिकों के मौके पर पहुंचे। ग्राम लोडकिया में एक वीरान शासकीय पहाडी से मुरम एवं लाल रंग की मिट्टी का मौके पर अवैध उत्खनन करते हुए 01 जेसीबी तथा 01 डम्पर भरा हुआ एवं रास्ते में 01 डम्पर जो कि मुरम खाली कर लौट रहा था उसको भी जप्त किया गया। डम्पर चालकों द्वारा बताया गया कि उक्त मुरम को वे रूपावास ले जाकर एक प्लाट में भराव का कार्य कर रहे हैं। इस प्रकार 01 जेसीबी एवं 02 डम्पर जप्त किए जाकर थाना मनासा की अभिरक्षा में दिये गये।
खनिज अधिकारी खान ने बताया कि अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरूद्ध कार्रवाई निरंतर चलती रहेगी।