शाजापुर। जिले के सलसलाई क्षेत्र में किसानों द्वारा विद्युत कर्मचारी पर बिजली बिल जमा करने के लिए ली गई राशि जमा नहीं करने का आरोप लगाया गया है। किसानों का कहना है कि ग्राम पंचायत मुडलाय के 50 से अधिक किसान एवं ग्रामीणों से बिजली बिल जमा करने के लिए क्षेत्र के विद्युत कर्मचारी शंभू सिंह चौधरी द्वारा किसानों से राशि तो ली गई लेकिन उनके खाते में जमा नहीं की गई। उन्होंने बिजली बिल जमा करने के लिए विद्युत कर्मचारी को राशि दी थी, लेकिन जब उन्होंने अपने बिजली बिल खाते की जांच की, तो उन्हें पता चला कि उनके खाते में राशि जमा नहीं की गई है। किसानों ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत विद्युत विभाग के आला अधिकारियों से की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। किसानों का कहना है कि गांव में ही एक विद्युत ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, जिसकी शिकायत उन्होंने आला अधिकारियों को की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। किसानों ने बताया कि उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें बिजली की समस्या भी शामिल है। समय गांव में विद्युत कर्मचारी भी समय पर नहीं आते हैं एवं जब शिकायत करते हैं तो वहां ग्रामीण जनों से अभद्र व्यवहार करते हैं। मामले में, कनिष्ठ अधिकारी मनोज मालवीय का कहना है कि किसानों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है, जिसको उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो भी नियम अनुसार कार्रवाई होगी, वह विद्युत कर्मचारी के खिलाफ की जाएगी।