इंदौर। बाबा साहेब आंबेडकर की जन्मस्थली महू में 27 जनवरी को कांग्रेस का बड़ा आंदोलन होने वाला है। इस दौरान कांग्रेस के लगभग सभी बड़े नेता महू में होंगे और यहीं से जय भीम, जय बापू, जय संविधान अभियान की शुरुआत करेंगे।
अब तक कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आने पर सहमति बन चुकी है। सोनिया गांधी का आना अभी तय नहीं है। अखिल भारतीय कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सभी मेंबर, कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम और पूर्व सीएम भी शामिल होंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम की अनुमति के लिए जिला प्रशासन को आवेदन दिया। आयोजन महू के वेटरनरी कॉलेज में सुबह 11 बजे होगा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सदाशिव यादव के मुताबिक आयोजन के लिए 11 समितियां बन चुकी हैं। पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित अन्य नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी है।
100 बसें, 350 चार पहिया वाहन
100 बसों और 350 फोर व्हीलर की व्यवस्था कार्यकर्ताओं के आने के हिसाब से की जा चुकी है। करीब एक लाख लोगों को बुलाने का लक्ष्य है। कार्यक्रम के लिए दो बड़े मंच बनेंगे। एक पर राष्ट्रीय नेता तो दूसरे पर पूर्व मंत्री, सांसद रहेंगे।