देवास। कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक पुनित गेहलोद की उपस्थिति में जिला पंचायत के सभाकक्ष में साइबर अपराध एवं सुरक्षा विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसके साथ ही बीमा सखी उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। कार्यशाला का आयोजन जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से किया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति, लीड बैंक प्रबंधक अहसान अहमद, डीपीएम शीला शुक्ला सहित अन्य संबंधित तथा स्वसहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।
साइबर क्राइम से बचना है तो अनजान लिंक पर क्लिक न करें
कार्यशाला में कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध बहुत संख्या में बढ़ रहे हैं। साइबर क्राइम से बचना है तो अनजान लिंक पर क्लिक न करें। कोई भी ऐप को डाउनलोड करना है तो सिक्योर यूआरएल से ही करें तथा ऐप डाउनलोड करना है तो गुगल प्ले स्टोर से ही करें। उन्होंने कहा कि अगर आपके पास कोई अनजान वीडियो कॉल आता है तो उठाएं नहीं उसे तुरंत कट कर दें। अगर आपने वीडियो को रिसीव कर लिया तो वह आपको ब्लेकमैल जरूर करेगा।
साइबर क्राइम से बचना है तो लालच में ना आए, शिकार होने पर 1930 पर कॉल करें
कार्यशाला में कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि साइबर क्राइम का सबसे बड़ा कारण होता है लालच, अगर आप लालच में आकर किसी लिंक क्लिक कर देते हैं या ऐप को डाउनलोड कर देते हैं तो वह आपके मोबाइल का पूरा डेटा, बैंक की जानकारी सहित अन्य जानकारी प्राप्त करके आपके साथ साइबर क्राइम करेगा। इसलिए लालच में ना आए और यदि आप साइबर क्राइम के शिकार हो भी जाएं तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करें तथा उन्हें घटना के संबंध में जानकारी दें।