देवास। महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में बेअरलॉकर कंपनी की ओर से 55 लाख रुपए की लागत से 140 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित किया गया है। जिसका शुभारंभ कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने किया।इस सोलर प्लांट से सालाना 2.10 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा,जिससे अस्पताल को हर साल 20 लाख रुपए की बचत होगी। गौरतलब है कि इससे पहले सोनू सूद की चौरिटी फाउंडेशन ने भी अस्पताल की मैटरनिटी विंग पर 103 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया था। दोनों सोलर प्लांट मिलकर अस्पताल के बिजली बिल में करीब 30 लाख रुपए की वार्षिक बचत करेंगे।
कलेक्टर गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि कंपनी का शहर और जिले के विकास में योगदान सराहनीय है। उन्होंने विशेष रूप से बेअरलॉकर की प्रशंसा की,जो स्कूलों में फर्नीचर से लेकर सोलर सिस्टम तक अलग-अलग क्षेत्रों में समाज सेवा कर रहा है। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर अभिषेक शर्मा, सीएमएचओ डॉ. सरोजनी जेम्स बेक, सिविल सर्जन डॉ. बसंत सारस्वत, बेअरलॉकर के इंडिया ऑपरेशन हेड हितेश कंवर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।