शिवपुरी। जिले में सहकारी बैंक के 100 करोड़ से अधिक के घोटाले से आम लोगों की जिंदगी प्रभावित हो रही है। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पीड़ित परिवारों ने कलेक्टर के सामने अपनी व्यथा रखी। इसमें दो परिवारों ने बेटियों की शादी के लिए अपनी जमा राशि को तत्काल बापस दिलवाने की गुहार लगाई
बड़ौदी क्षेत्र निवासी राजकुमार कसेरा ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 6 फरवरी को है। उन्होंने शादी के लिए 8 लाख रुपए की एफडी की थी, जिसकी मियाद तीन साल पहले पूरी हो चुकी है। बैंक द्वारा पैसे नहीं लौटाए जाने से बेटी की शादी टूटने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं पिछोर तहसील के तिंघारी गांव के राम सिंह पाल ने बताया कि वह हृदय रोगी है। उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए 49-49 हजार रुपए की चार एफडी करवाई थी। 14 फरवरी को होने वाली शादी के कार्ड बंट चुके हैं, लेकिन बैंक पैसे नहीं दे रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर शादी टूटी तो परिवार को गंभीर कदम उठाने पड़ सकते हैं।