जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में राजस्व काम में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर गाज गिरी है। कलेक्टर ने दो पटवारी को निलंबित कर दिया है और दो पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने कहा है।
दरअसल अधिकारियों के औचक निरीक्षण के दौरान शहपुरा तहसील के पटवारी रामकृपाल नेताम और पटवारी देवीदीन पटेल ऑफिस से गायब पाए गए थे। दोनों पटवारी को निलंबित किया गया है। इसी तरह सिहोरा तहसील के दो पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ग्रामीणों की शिकायत पर पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मुख्यालय में पूरे समय उपस्थित नहीं रहने की ग्रामीणों ने शिकायत की थी। पटवारी रवि नामदेव और पटवारी राहुल तिवारी को तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए हैं। राजस्व प्रकरणों में तेजी लाने पटवारियों के कार्यस्थल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।राजस्व प्रकरणों में लापरवाही न हो इसके लिए आकस्मिक निरीक्षण अधिकारी कर रहे हैं। औचक निरीक्षण में लापरवाह पटवारियों पर कार्रवाई की जा रही है। अच्छा काम करने वाले पटवारियों को प्रशंसा पत्र से सम्मानित भी किया जा रहा है।