उज्जैन। शनिवार को आए परिणामों में दिल्ली में भाजपा का 27 साल का वनवास खत्म हो गया। भाजपा की करीब 48 सीटों पर जीत टॉय मानी जा रही है, जबकि आम आदमी पार्टी सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई है। दिल्ली से आए रुझानों ने भाजपा खेमे में खुशी की लहर पैदा कर दी है।
दिल्ली में जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उज्जैन के फ्रीगंज स्थित लोकशक्ति कार्यालय में जश्न मनाया। यहां कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी की और मिठाई बांटी। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता इस जश्न का हिस्सा बने।
बीजेपी के जगदीश पांचाल ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि 27 साल का सूखा खत्म हुआ है, इसीलिए आज भाजपा पार्टी में खुशी का माहौल है। भाजपा ने दिल्ली में भगवा झंडा लहरा दिया है। दिल्लीवासियों ने आम आदमी पार्टी को इस कदर नकारा कि पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज तक चुनाव हार गए। दिल्ली में भाजपा को मिली प्रचंड जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह जीत विकास और सुशासन की है।