नीमच। साइबर सुरक्षा अभियान के तहत नीमच जिला पुलिस बल द्वारा चलाए गए 11 दिवसीय सेफ क्लिक अभियान का आज हवाई पट्टी स्थित चाइम्स एकेडमी पर समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन समारोह में रतलाम रेंज के डीआईजी मनोज सिंह ने कहा कि साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक रहना अति आवश्यक है। पीएचक्यू द्वारा लाखों लोगों को वीडियो, पेंपलेट और सेमिनार आदि के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। चाईम्स एकेडमी पर मौजूद पायलट स्टूडेंट को सीआरपीएफ के डीसी तरंग बंसल ने साइबर अवेयरनेस को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि साइबर ठगी की घटनाओं के पीछे तीन मुख्य कारण है। जागरूकता की कमी, लालच और डर। एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी अभिषेक रंजन ने भी उपस्थित जनों को संबोधित कर ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण सलाह दी। यूपीआई स्कैम डिजिटल अरेस्ट, फेक कॉल, इल्लीगल लोन एप और अन्य जानकारियां विस्तार से दी गई।
बताते चलें कि नीमच पुलिस द्वारा 1 फरवरी 2025 से 11 फरवरी 2025 तक चले कि सेफ क्लिक अभियान के तहत 11 दिन में जिले में 145 कार्यक्रमों के माध्यम से 12256 लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर जागरूक रहने के लिए जानकारियां दी गई। साइबर सुरक्षा को लेकर सेफ क्लिक अभियान के यह कार्यक्रम स्कूल, कॉलेज, शासकीय अर्ध शासकीय संस्थान, सार्वजनिक स्थान, ग्राम चौपाल, सामाजिक, धार्मिक आदि जगहों पर आयोजित किए गए।