खरगोन। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त एनएसएस इकाई, प्रियदर्शिनी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, बोरावा द्वारा ग्राम मुलठान में दिनांक 9 से 15 फरवरी तक 7 दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है । इस विशेष शिविर में कक्षा 9 वीं एवं 11 वीं के 50 से अधिक विद्यार्थी प्रतिभागिता कर रहे हैं।
शिविर के प्रथम दिवस आयोजित उद्घाटन समारोह में ग्राम मुलठान के पूर्व सरपंच संतोष मोरी, वरिष्ठ नागरिक मुकेश यादव एवं संस्था के उप प्राचार्य संजेश वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित किया।
सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर कॅरियर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में कस्टम ऑफिसर इंस्पेक्टर आशीष सेन और लेफ्टिनेंट पुष्पेंद्र नामदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, सरकारी व निजी नौकरियों, स्वरोजगार, उच्च शिक्षा के अवसरों और कौशल विकास कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को करियर चयन में इच्छा, योग्यता और अवसर के महत्व को समझाते हुए, इंजीनियरिंग, मेडिकल, प्रशासनिक सेवाओं, डिजिटल मार्केटिंग और सामाजिक कार्य जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं पर प्रकाश डाला।