गरोठ। मुंबई से 20 दिसंबर को साइकिल से यात्रा करते हुए शामगढ़ पहुंचे नीदरलैंड निवासी पीथ शामगढ़ की होटल गैलेक्सी पैलेस में रुके। इनके द्वारा बताया गया कि वह विगत 3 महीने से साइकिल से प्रतिदिन 100 से 80 किलोमीटर की यात्रा करते हैं। आज होटल गैलेक्सी में रुकने के बाद सुबह साइकिल से यात्रा करते हुए गांधी सागर पहुंचेंगे। उसके पश्चात गांधी सागर होते हुए उत्तराखंड के भीमताल में पहुंचकर वहां से नेपाल जाएंगे। हजारों किलोमीटर की यात्रा में नीदरलैंड के विदेशी पर्यटक पीथ अकेले हैं और वह भ्रमण करते हुए देश में घूम रहे हैं। उन्होंने भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति को निहारकर एवं यहां के वातावरण को देखकर लोगों से मिलने के बाद प्रशंसा भी की।
शामगढ़ में पहुंचने पर नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि राजू भाई नरेंद्र यादव ने उनका स्वागत किया एवं शामगढ़ व क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी दी। नगर की आराध्य देवी मां महिषासुर मर्दिनी देवी मंदिर, धर्मराजेश्वर मंदिर के बारे में भी जानकारी दी। विदेशी पर्यटक पिथ ने खुशी जताई और उनको धन्यवाद दिया।