चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले में शिवसेना द्वारा लावारिस एवं असहाय लोगों की अकाल मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार कर उनकी एकत्रित की गई अस्थियों को सामूहिक रूप से हरिद्वार ले जाकर विसर्जन के लिए आर्थिक सहयोग हेतु दू्रत गति से सघन जन सम्पर्क अभियान प्रारम्भ किया गया।
शिवसेना जिला प्रमुख गोपाल वेद ने बताया कि इस पुण्य के कार्य हेतु वरिष्ठ नागरिक मंच के सदस्यों, चित्तौड़ महोत्सव समिति, भारत विकास परिषद, मातेश्वरी सेवा संस्थान, इनरव्हील क्लब सहित कई स्वयंसेवी संगठनों, समाज सेवियों, भामाशाहों तथा अन्य प्रबुद्ध जनों से आर्थिक सहयोग जुटाने के लिए जनसम्पर्क अभियान प्रारम्भ किया गया। वेद ने बताया कि एकत्रित की गई अस्थियों को सामूहिक रूप से इसी माह के अंत तक मोक्षरथ से हरिद्वार ले जाकर वहाँ मंत्रोच्चार के साथ पवित्र मोक्षदायिनी गंगा में विसर्जित किया जायेगा। शिवसेना प्रमुख ने बताया कि वर्ष 2006 में प्रारम्भ किया गया यह सेवा कार्य भामाशाहों, समाजसेवियों व जनहित की स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से ही पिछले 19 वर्ष से लगातार जारी है और आगे भी भामाशाहों से अधिकाधिक सहयोग की अपील है।