नीमच। जिले की चंगेरा कृषि उपज मंडी में करंट लगने से युवक मनोज यादव की मौत के बाद परिजनों ने दोषी व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। परिजनों का कहना था कि इस दुखद हादसे के लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। मृतक मनोज यादव के शव को लेकर आहत परिजन रोते बिलखते नीमच के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। परिवार के लोगों के साथ बड़ी संख्या में समाजजन भी एसपी कार्यालय पर इकट्ठा हो गए।

आक्रोशित लोगों ने शव को एसपी कार्यालय पर रखकर प्रदर्शन करते हुए कारवाई की मांग की। इस दौरान सीएसपी अभिषेक रंजन, तहसीलदार संजय मालवीय, नायब तहसीलदार जागृति जाट और पुलिस बल भी यहां पहुंचा। अधिकारियों द्वारा परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। तब जाकर परिजन मनोज के शव को ले जाने के लिए सहमत हुए।
