नीमच। शहर में विभिन्न महिला संगठनों द्वारा जगह-जगह फाग उत्सव का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नीमच के सीआरपीएफ कैंपस स्थित सीटीसी मंदिर में फाग उत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। जिसमें सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों के परिवार की महिलाएं, हर्षाेल्लास और उमंग के साथ शामिल हुई। इस खास मौके पर महिलाओं ने फाग और होली के मधुर गीतों व भजनों पर जमकर नृत्य किया और आनंद के माहौल में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली के खुशियां मनाईं, बधाई और शुभकामनाएं दी। फाग उत्सव का यह कार्यक्रम सान्निध्य ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित हुआ। रजनी दत्ता ने फाग उत्सव की जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार के आयोजन से महिला जवानों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का बेहतरीन अवसर मिलता है। सीमा पर तैनात हमारे जवानों को अपने परिवार को आनंदित पाकर संतुष्टि मिलती है। उन्होंने इस कहा कि यह उत्सव सीआरपीएफ परिवार में एकजुटता, भाईचारे और सौहार्द्र को बढ़ावा देने का अहम जरिया है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मिलकर होली के रंगों में सराबोर होकर एकता और सौहार्द्र का संदेश दिया।