उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को दो भक्तों ने करीब 5 लाख रुपए की चांदी की सामग्री दान में दी। शहजादपुर से आए भक्त विकास सोनी ने पंडित माधव दिलीप गुरु की प्रेरणा से एक चांदी का जलपात्र भेंट किया। इस जलपात्र का वजन 3035 ग्राम है।
झारखंड के रांची से आए पुरुषोत्तम कुमार ने पुरोहित विपुल चतुर्वेदी की प्रेरणा से एक मुकुट और दो नाग कुंडल अर्पित किए। इन वस्तुओं का कुल वजन लगभग 1460 ग्राम है। मंदिर प्रबंध समिति ने दोनों दानदाताओं का सम्मान किया और उन्हें रसीद प्रदान की।
विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में देशभर से आने वाले श्रद्धालु नियमित रूप से सोने-चांदी की सामग्री और नगद राशि अर्पित करते हैं। इस तरह के दान से मंदिर की समृद्धि में निरंतर वृद्धि हो रही है।