रतलाम। ताल तहसील के मालाखेड़ा गांव में एक किसान की चने की फसल में आग लगने से बड़ा नुकसान हुआ है। किसान गंगा सिंह सोधिया राजपूत ने ताल थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। गंगा सिंह ने बताया कि उन्होंने सात बीघा खेत में से तीन बीघे में चने की फसल बोई थी। पंद्रह दिन पहले फसल काटकर खेत के बीच में इकट्ठा कर दी गई थी।
गांव के ईश्वर सिंह ने दी सूचना
रविवार शाम करीब 7 बजे गांव के ईश्वर सिंह ने उनके बेटे मंगल सिंह को फसल में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही गंगा सिंह अपने बेटे मंगल सिंह और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब 15 क्विंटल चना जलकर राख हो चुका था। किसान को 75 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
जानबूझकर आग लगाने का आरोप
गंगा सिंह का कहना है कि जहां फसल रखी थी, वहां आसपास बिजली के तार भी नहीं हैं। उनका आरोप है कि किसी ने जानबूझकर फसल में आग लगाई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।