बड़वानी। मुस्लिम समाज के खास और पाक महीने रमजान में रोजे रखने का दौर जारी है, जहां मुस्लिम समाज के बड़े लोग रोजा रखकर खुदा की इबादत कर रहे हैं तो वही रहमत और बरकतों के इस महीने में नेकी कमाने में छोटे बच्चे भी पीछे नहीं है, बड़वानी जिले के राजपुर में वरिष्ठ पत्रकार दिलावर खान की पोती एवं इमरान खान की 6 वर्षीय बेटी इकरा खान ने रविवार को अपना पहला रोजा रख कर खुदा की इबादत की! रोज़े के दौरान इकरा ने नमाज़ अदा की और खासतौर पर देश की खुशहाली और अमन-शांति के लिए दुआ मांगी। रोजा रखने की खुशी में पूरे परिवार ने इकरा का फूल माला पहनाकर इस्तकबाल किया और हौसला अफजाई करते हुए इफ्तार कराया। परिवार के लोगों ने बताया कि अल्लाह और उसके रसूल की रजा हासिल करने के लिए भूख और प्यास की शिद्दत बर्दाश्त कर छोटे बच्चे भी रोजा रखकर खुदा की इबादत कर रहे हैं! रमजान के इस पाक महीने में अल्लाह अपने नेक बंदों के लिए अपनी रहमत के दरवाजे खोल देता है। इकरा खान ने बताया कि मेरे परिवार में सभी लोग रोजा रखकर नमाज पढ़ते हैं और कुरान की तिलावत करते हैं, उन्हीं को देखकर आज मेने भी अपना पहला रोजा रखा! अल्लाह से दुआ है कि अल्लाह मेरे दादा दादी को सेहत अता करें, हर परेशानी से महफूज रखें और उनकी उम्र में बरकत अता फरमाए।