जबलपुर। लड्डुओं की एक ऐसी दुकान खुली है, जिसे भगवान चला रहे हैं। यहां पर कोई मालिक या कर्मचारी नहीं है। दुकान का नाम भी भगवान लड्डू गोपाल के नाम पर रखा गया है। यहां लोग अपनी जरूरत के अनुसार लड्डुओं का पैकेट खरीदकर पैसे रख जाते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से दुकान के बाहर लगे बोर्ड पर एक सीसीटीवी लगाया है।
दुकान की शुरुआत शास्त्री ब्रिज के पास रहने वाले विजय पांडे (52) ने की है। यह दुकान कुछ ही दिनों में इतनी फेमस हो गई है कि न सिर्फ जबलपुर बल्कि पड़ोसी जिलों से भी लोग लड्डू खरीदने पहुंच रहे हैं। पांडे ने बताया कि 17 किलो से ज्यादा लड्डुओं की बिक्री प्रतिदिन हो रही है। इससे होने वाली आय को बच्चों की शिक्षा और इलाज पर खर्च किया जाएगा।
10 मार्च 2025 को विजय पांडे ने घर के बाहर एक शॉप खोली है। नाम श्री लड्डू गोपाल रखा है। इसकी खासियत यह है कि यहां लड्डुओं के डिब्बे रखे हुए हैं। जिनमें 250 ग्राम, 500 ग्राम के अलग-अलग पैकेट हैं। सभी पर रेट लिखा है। यहां भगवान लड्डू गोपाल की प्रतिमा भी है।
पेमेंट के लिए तीन ऑप्शन दिए गए हैं। ग्राहक चाहे तो क्यूआर कोड से ऑनलाइन पैसे दे सकता है। नकद वालों के लिए एक बॉक्स है। पास में खुले पैसे भी रख दिए जाते हैं, जिससे किसी को दिक्कत न हो। तीसरा ऑप्शन बाद में देने का है यानी पैसे नहीं हो तो भी वह लड्डू ले जा सकता है और बाद में अपनी सुविधा अनुसार पैसे दे सकता है।