नीमच। मालवा के नीमच रेलवे स्टेशन से अमृतसर, व्यास और विभिन्न तीर्थ स्थल पर जाने वाले यात्रियों को सीधी ट्रेन ना होने की वजह से दर्शन करने के लिए जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कल शाम नीमच स्टेशन पर पंजाब व्यास राधा स्वामी सत्संग से पहुंचे नीमच निवासी यात्रियों ने बताया कि उन्हें अमृतसर और व्यास जाने के लिए जगह-जगह ट्रेन बदल कर यात्रा करनी पड़ती है। अजमेर में 4 घंटे रुकना पड़ता है, जिससे यात्रियों का अत्यधिक समय और पैसा व्यर्थ लग जाता है।
तीर्थ यात्रियों ने बताया कि मंदसौर नीमच संसदीय क्षेत्र से हर महीने लगभग 8000 श्रद्धालु व्यास राधास्वामी सत्संग और स्वर्ण मंदिर अमृतसर जाते हैं। उनका कहना था कि नॉर्थ साइड में भी कोई सीधी ट्रेन नहीं है। चाहे वैष्णो देवी हो या हरिद्वार हो। ओएन वार्ड जर्नी भी रेलवे ने बंद कर दी है। सीनियर सिटीजन भी अत्यधिक पैसा लगाकर यात्रा करता है। उन्हें सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं मिलता। यात्रियों ने सरकार के नुमाइंदों से अपील की है कि नीमच से अमृतसर और व्यास के लिए एक डायरेक्ट ट्रेन चलाई जाए। ताकि तीर्थ यात्रियों को दर्शन के लिए जाने में कोई असुविधा ना हो। उनकी यात्रा का अनुभव सुखद रहे। यात्रियों का कहना है कि अगर सीधी ट्रेन उपलब्ध होती है, तो उनके समय और रूपयों की बचत होगी। जनप्रतिनिधियों और रेलवे विभाग से अनुरोध किया गया है कि वे इस मांग पर ध्यान दे।