नीमच। शहर के उप नगर नीमच सिटी में आज रंगपंचमी के अवसर पर गेर का आयोजन किया गया। साथ ही पलाश के फूलों से तैयार किए गए प्राकृतिक रंगों से होली खेली गई। नीमच सिटी में रंगपंचमी पर गेर निकालने की परंपरा करीब 52 सालों से अधिक पुरानी है। इसके लिए पलाश के फूलों से प्राकृतिक रंग तैयार कर होली खेली गई।
बताया जा रहा है कि सालों पुरानी परंपरा के अनुसार शहर में उप नगर छावनी में होली पर गैर निकलती है। जबकि रंगपंचमी पर नीमच सिटी में गेर निकलने की परंपरा है। करीब 52 वर्षों से अधिक पुरानी इसी परंपरा का बुधवार को रंग पंचमी पर अनुसरण किया गया। इस दौरान गेर के आयोजन से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों और सदस्यों द्वारा पहले छोटी गेर निकाली गई, यह गेर नृसिंह मंदिर से प्रमुख मार्गों तक गई जिसके माध्यम से लोगों को आमंत्रण दिया गया। इस दौरान गेर में क्षेत्रीय विधायक दिलीप परिहार सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक ओर युवा बड़ी संख्या में उपस्थित थे। पंचमी को लेकर नीमच सिटी क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। वहीं, जिन जिन मार्गों से गेर निकल रही थी उन मार्गों पर भी पुलिस बल व अधिकारी गेर में शामिल रहे।