नीमच। देशभर की तरह नीमच में भी शीतला सप्तमी का पर्व पूरी आस्था और हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शीतला सप्तमी के अवसर पर महिलाओं ने माता का पूजन किया। देर रात से ही पूजा अर्चना का दौर शुरू हो गया। शहर में शीतला सप्तमी का पर्व शुक्रवार को मनाया गया। हालांकि इस बार शीतला सप्तमी की पूजा अधिकतर महिलाएं दो दिवस तक कर रही है। इसको लेकर गुरूवार शुक्रवार की मध्य रात्रि के बाद से ही शीतला माता के पूजन का दौर शुरू हो गया था जो आज दिनभर जारी रहा। इस दिन महिलाओं ने बांसोड़ा ठंडा भोजन बनाकर माता को भोग लगाया। साथ ही महिलाओं ने अपने परिवार के सदस्यों के निरोगी काया और सुख समृद्धि की कामना को लेकर शीतला माता का पूजन किया।
उल्लेखनीय है कि उपनगर नीमच सिटी में घाटी पर स्थित शीतला माता का बहुत ही प्राचीन मंदिर है। यह उस जमाने का है जब नीमच सिटी की स्थापना हुई थी। मान्यता है कि यहां शीतला माता का पूजन करने से महिलाओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती है। परिवार में निरोग रहने के साथ ही सुख समृद्धि भी बनी रहती है। इसी प्रकार नीमच सहित अंचल में भी विभिन्न शीतला माता मंदिरों पर महिलाओं ने लाल परिधानों में शीतला माता का पूजन विधि विधान से किया है।शहर के भागेश्वर मंदिर, श्री करमेश्वर महदेव मंदिर, साई मंदिर, भूतेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों पर महिलाओं ने पूजा अर्चना कर सुख शांति समृद्धि और सौभाग्य की कामना की।