इन्दौर। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत धनखेड़ी के सचिव वासुदेव बिल्लौरे को निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन द्वारा की गई है।
जैन ने बताया कि इनके द्वारा शासकीय कार्यों में कोई रुचि नहीं लेने एवं कर्तव्य में निरन्तर लापरवाही बरतने पर उक्त कार्रवाई की गई। ग्राम मुण्डला हुसैन के हितग्राही लाखन चौहान की मृत्यु होने के उपरान्त उनका अनुग्रह सहायता राशि का प्रकरण जनपद पंचायत कार्यालय में समय सीमा में प्रेषित नहीं किया गया। प्रकरण सी.एम हेल्पलाईन में दर्ज हुआ। 86 दिवस से अधिक होने के उपरान्त भी प्रस्तुत नहीं किये जाने से सी.एम. हेल्प लाईन प्रकरण का निराकरण नहीं हो सका है। ग्राम पंचायत धनखेडी के सचिव वासुदेव बिल्लौरे को जनपद पंचायत स्तर से भी शासकीय कार्य तथा अनुग्रह सहायता प्रकरण में मृतक के दो मृत्यु प्रमाण पत्र बना दिये जाने, दिव्यांग पेंशन प्रकरण में लापरवाही के साथ-साथ जनपद पंचायत की बैठकों में भी अनुपस्थित रहने, दिये गये कार्यों को समय सीमा में पूर्ण नहीं करने के संबंध में कार्यालय जनपद पंचायत से भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये जाने के उपरान्त भी कार्य में सुधार नही हुआ है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन द्वारा सचिव वासुदेव बिल्लौरे के उक्त कृत्य, कर्तव्य एवं दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही का द्योतक मानकर निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में उक्त कर्मचारी का मुख्यालय जनपद पंचायत कार्यालय सांवेर रहेगा।