चित्तौड़गढ़। गौमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग को लेकर मुहिम चला रहे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द द्वारा 14 अप्रेल को बनाई गई योजना अनुसार अगले एक साल में देश के हर विधानसभा क्षेत्र में निराश्रित गायों के लिए रामा गौधाम गौ शाला का निर्माण किया जाएगा। यह गौशालाएँ पूरी तरह से दान दाताओं के सहयोग से संचालित होगी।
यह जानकारी अभियान के पश्चिम भारत प्रभारी बाबुलाल जांगीड़ ने शुक्रवार को जैन श्वेताम्बर धर्मशाला में आयोजित उदयपुर व कोटा संभाग के सनातनी गौ सांसद की बैठक में दी। उन्होंने शंकराचार्य की योजना का खुलासा करते हुए बताया कि शंकराचार्य सहित प्रमुख धर्म गुरूओं द्वारा भाजपा, कांग्रेस आदि दलों के समक्ष अपनी मांग रखी गई, लेकिन किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। जिस पर शंकराचार्य ने अपने स्तर पर गौवंश को आसरा देने के लिए उक्त कार्य योजना तैयार करते हुए इस योजना को जमीन पर उतारने के निर्देश दिए। जांगीड़ ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले देशभर में निराश्रित घुमने वाले गौवंश को आसरा उपलब्ध कराने के लिए रामा गौधाम गौशाला तैयार कर गाय को गौ माता का दर्जा देने के लिए मजबूर किया जाएगा और अब तक इस प्रकार की करीब 3 दर्जन गौ शालाएँ अस्तित्व में आ चुकी है।
इस कार्य योजना पर तेजी से काम करने के लिए प्रत्येक गौ शाला के लिए 11 सदस्यों का रजिस्ट्रेशन का काम किया जा रहा है और जमीन आवंटन आदि का काम संस्था द्वारा किया जाएगा। फिलहाल सदस्यों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है, इससे पूर्व चित्तौड़गढ़ गौ सांसद एडवोकेट जसवन्तसिंह राठौड़ ने आगन्तुकों का स्वागत करते हुए चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में गो वंश की सेवा को लेकर चलाई जा रही गतिविधियो से अवगत कराया। बैठक की अध्यक्षता राज्य प्रमुख स्वामी कृष्ण गिरी महाराज ने की। कोटा के गौ सांसद मांगीलाल, प्रकाश जैन दीपपुरा, बांसवाड़ा के गौ सांसद आशीष पांचाल, बागीदोरा के गौ एम.एल.ए. विक्रम कटारा और गौ भक्त गौरव सोमानी ने भी विचार करते हुए कार्य योजना को धरातल पर उतारने के लिए सुझाव रखे। बैठक में राजस्थान के सहप्रभारी पवन सैनी, चित्तौड़गढ़ गौ जिला प्रमुख राहुल व्यास, चित्तौड़गढ़ गौ एमएलए अर्जुनसिंह झाला, उदयसिंह, अनिल धाकड़, रवि कुमार राव, मनोज जैन, प्रेमसिंह पंवार, फतेहसिंह राठौड़, अशोक जटिया, ललित पालीवाल, खुशवंत पालीवाल आदि भी मौजूद रहे।