नीमच। शहर में आज राष्ट्र गौरव और शौर्य के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 485वीं जयंती बड़े ही हर्षाेल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर शहर भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें राजपूत समाज के संगठनों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। जयंती समारोह का शुभारंभ ग्वालटोली स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
इस दौरान राजपूत संगठन, गाडुलिया लौहार समाज और अन्य कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उपस्थित जनसमूह ने हिंदुवा सूर्य महाराणा प्रताप की छवि का पूरे सम्मान के साथ पूजन किया और दीप प्रज्जवलन कर उनके आदर्शों को नमन किया।
आयोजकों ने बताया कि महाराणा प्रताप के जन्मोत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए आज शाम कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। शाम 5 बजे नीमच सिटी से एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और राष्ट्रभक्तों के शामिल होने की उम्मीद है। वाहन रैली के पश्चात, प्रताप मार्केट, नीमच सिटी से एक भव्य चल समारोह निकलेगा, जिसमें झाँकियाँ और पारंपरिक वेशभूषा में लोग शामिल होंगे।
आयोजन समिति ने नीमच और आसपास के क्षेत्रों के सभी राष्ट्रभक्तों से इस पुनीत कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महाराणा प्रताप के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि महाराणा प्रताप ने राष्ट्र की स्वतंत्रता और अस्मिता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था, और उनका जीवन त्याग, बलिदान और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है।