मनासा। नीमच जिले की मनासा तहसील में 27 वर्षीय युवक की कथित रूप से जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शाहनवाज पिता मोहम्मद हुसैन उर्फ लल्लू मंसूरी (27) निवासी शीतला माता मंदिर के पास जूना सात मोहल्ला, शनिवार रात जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद घर पहुंचे और सो गए। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी तथा उल्टियां होने पर परिजन उन्हें तत्काल शासकीय चिकित्सालय मनासा ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान जहरीले पदार्थ के सेवन की जानकारी सामने आने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया।
नीमच ले जाते समय रास्ते में ही शाहनवाज ने दम तोड़ दिया। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार शाहनवाज नीमच की एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत थे और अस्वस्थ होने के कारण उस दिन अवकाश पर थे। उनकी सगाई भी हो चुकी थी।
फिलहाल जहरीले पदार्थ के सेवन के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।