नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया चौकी अंतर्गत ग्राम बांगरेड़ खेड़ा में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। खुले विद्युत तारों की चपेट में आने से 59 वर्षीय अमर सिंह पिता गोराजी चंदेल की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अमर सिंह गाय के एक बछड़े को बचाने के प्रयास में करंट की चपेट में आ गए।
परिजनों के अनुसार, उनके घर से करीब 30 फीट दूर स्थित विद्युत डीपी के सपोर्ट पर लगे तार लंबे समय से खुले पड़े थे। शनिवार को एक गाय का बछड़ा इन तारों के पास फंस गया। उसे बचाने के लिए अमर सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और गिरते समय उनका पैर खुले विद्युत तारों के संपर्क में आ गया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि डीपी और खुले तारों की समस्या को लेकर पहले भी विभाग और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा गांव में खुले पड़े विद्युत तारों एवं क्षतिग्रस्त डीपी की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।