चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत शंभूपुरा में फॉलो-अप शिविर एवं संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दिनेश धाकड़ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
संध्या चौपाल में विभिन्न विभागों से जुड़े जनहित के मुद्दों पर ग्रामीणों से संवाद करते हुए एडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ने क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया तथा उन्हें शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, पंचायती राज विभाग सहित अन्य शासकीय योजनाओं के प्रमाण-पत्र एवं लाभ भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।