नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के रावण रुंडी रोड स्थित एक खेत पर शनिवार को करंट लगने से 48 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक विकास उर्फ सोनू शर्मा (48) पिता राजेंद्र शर्मा, निवासी स्कीम नंबर-9, नीमच, अपने खेत पर लगी विद्युत मोटर चालू करने पहुंचे थे। इसी दौरान वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।