बुरहानपुर। लालबाग स्थित श्री रूप दर्शन साईं बाबा मंदिर में एक स्वान की प्रतिमा स्थापित की गई। जिसे भक्त भूरू बाबा खंडेराव महाराज के नाम से जानते हैं।
भूरू बाबा का जन्म इसी मंदिर में हुआ था। वे अपना पूरा जीवन साईं बाबा की मूर्ति के पास बिताते थे। 27 जनवरी को उनका मंदिर में ही निधन हो गया। भक्तों ने उनकी याद में उसी स्थान पर समाधि बनाई, जहां वे बैठते थे।
जोधपुर के कलाकार से बनवाई प्रतिमा
29 मई को विशेष हवन-पूजन के साथ भूरू बाबा की प्रतिमा स्थापित की गई। इस कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर के पुजारी सुनील नारायण भामरे के अनुसार, जोधपुर के नामदेव आर्ट के कलाकार ने यह प्रतिमा बनाई है।
प्रतिमा स्थापना के लिए आमंत्रण पत्र छपवाए गए
मंदिर समिति ने इस अवसर पर विशेष आमंत्रण पत्र भी छपवाए, जिस पर साईं बाबा के साथ भूरू बाबा का चित्र भी था। कार्यक्रम के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।