रतलाम। दिल्ली मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस वे पर रेत से भरे ट्रॉले में पीछे से मिनी बस घुस गई। भिड़ंत से बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में 16 लोग घायल है। तीन की गंभीर की हालत है। सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया है। घटना सुबह 7.30 बजे की है।
जानकारी के अनुसार, मंदसौर निवासी जैन परिवार के सदस्य रविवार को गुजरात में जैन तीर्थों के दर्शन करने गए थे। गुरुवार शाम 6 बजे गिरनार जी से दर्शन कर वापस निकले थे। वह सभी जगह रास्ते में रुकते-रुकते आ रहे थे। इस दौरान सुबह करीब 7.30 बजे यह हादसा हो गया।
डीडी नगर थाना प्रभारी मनीष डाबर ने बताया कि 8 लेन पर हड़सर के पास रेत से भरा ट्रॉला आगे चल रहा था। ट्रॉला चालक ने ब्रेक लगाया, तभी पीछे से आ रही मिनी बस (ट्रैवलर) उसमे पीछे से जा घुसी। हादसे में 16 लोग घायल हुए है। सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया है। हादसे की जांच जारी है।