भोपाल। राजधानी वासियों का नगर निगम के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा. वाटर सप्लाई की समस्या को लेकर शनिवार को लोगों ने कोकता बाईपास पर चक्काजाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्हें पिछले कई दिनों से पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश दी। जिसके बाद उन्होंने चक्काजाम खत्म किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कोकता बाईपास पर बड़े पैमाने पर आवासीय परियोजना शुरू की गई थी। जिसका मकसद शहर के वाशिंदों को बेहतर आवास और मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना था। यह योजना भोपाल के वाशिंदों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम थी, ताकि शहर के बाहरी इलाकों में रहने वालों को भी आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत पार्क, सीसीटीवी कैमरे, कम्युनिटी हॉल, सड़कें और पानी की आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाना था। स्थानीय रहवासियों का मानना था कि इससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा और शहर का विकास भी तेजी से होगा। लेकिन उन्हें पीने के पानी के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत के बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं और न अभी तक पार्क, सीसीटीवी कैमरे, और कम्युनिटी हॉल जैसे बुनियादी सुविधाएं नहीं बनाई गई हैं. फिलहाल, निगम अधिकारियों ने आज शाम को बैठक करके समस्या दूर करने का आश्वासन दिया है.