नीमच। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा, नीमच द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय योग शिविर का रोटरी क्लब हॉल में सफलतापूर्वक समापन हो गया है। प्रातः 6.30 से 8.30 बजे तक चले इस शिविर का मुख्य उद्देश्य नगरवासियों को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। शिविर के दौरान परिषद परिवार और मातृशक्ति सदस्यों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। योग गुरुओं ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन किया और योग के शारीरिक व मानसिक लाभों पर विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर योग गुरु गुणवंत गोयल, आनंद शर्मा, भारत की ढींगरा और डॉ. वेंकटरमन शुक्ला को सम्मानित किया गया। परिषद अध्यक्ष ललित कुमार राठी ने इस आयोजन को परिषद का पहला सफल प्रयास बताते हुए कहा कि इससे अच्छी संख्या में नगरवासी लाभान्वित हुए। शिविर के सफल संयोजन में मुकेश पाटीदार, संतोष खंडेलवाल, अरविंद ढींगरा, रवि वर्मा और नितेश सिंघल सहित मातृशक्ति संयोजिकाओं का प्रमुख योगदान रहा। शिविर में आंवला, एलोवेरा और चुकंदर के स्वास्थ्यवर्धक जूस का वितरण भी किया गया।