अशोकनगर। शनिबार सुबह 6 बजे शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग संगम सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव रहे, जिन्होंने स्वयं योगाभ्यास कर उपस्थितजनों को योग के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से विशाखापट्टनम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए योग को वैश्विक स्वास्थ्य व एकता का माध्यम बताया। साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल से प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए योग के लाभों को रेखांकित किया तथा सभी को नियमित योग करने की प्रेरणा दी। इसके बाद प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग संगम में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि योग न केवल शरीर बल्कि मन और आत्मा को भी स्वस्थ बनाता है। उन्होंने नियमित योग को जीवनशैली में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर आदित्य सिंह, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन, नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया, एसडीएम बृज बिहारी श्रीवास्तव, वरिष्ठ पार्षद महेंद्र भारद्वाज, बरिष्ठ पार्षद डॉक्टर जयमंडल यादव, पार्षद धर्मेंद्र रघुवंशी एवं शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन, पत्रकारगण, की सहभागिता रही।