नीमच। आज नीमच नगरी में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ, जब लायंस डेन परिसर में 27 दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा, श्री पार्थिव शिवलिंग पूजन-अभिषेक एवं रुद्राक्ष वितरण के भव्य आयोजन का पावन श्रीगणेश हुआ। यह अलौकिक आयोजन श्रावण मास के पुनीत अवसर पर नीमच में प्रथम बार हो रहा है। आज सुबह से ही हरि सत्संग मंडल के स्वयंसेवकों और श्रद्धालु भक्तों में अपार उत्साह का देखा गया। इसी उत्साह के साथ मंशापूर्ण बालाजी धाम से लायंस डेन तक एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दिव्य यात्रा में लगभग डेढ़ सौ से अधिक महिलाओं ने अपने शीश पर मंगल कलश धारण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मधुर ध्वनि के बीच, यात्रा मार्ग पर भक्ति गीतों और मधुर भजनों की स्वर लहरियाँ गूँजती रहीं, जिसने पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया। यह 27 दिवसीय पावन अनुष्ठान प्रतिदिन अनवरत जारी रहेगा। भक्तजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक साक्षात भगवान शिव के पार्थिव शिवलिंग के पूजन का सौभाग्य प्राप्त कर सकेंगे। इसके उपरांत, दोपहर 3 बजे से 4.30 बजे तक प्रतिदिन रुद्राभिषेक का अनुष्ठान होगा। यह विशाल आयोजन नीमच की धरा पर धर्म, अध्यात्म और संस्कृति का एक भव्य संगम है, जो आने वाले 27 दिनों तक नगर को शिव भक्ति के रंग में सराबोर रखेगा।