मंदसौर। शहर की जीवनदायिनी शिवना नदी की स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को भी तीन ट्रॉली गंदगी निकाली गई। विधायक विपिन जैन के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी है। इस सप्ताह श्रमदानियों ने पशुपतिनाथ मंदिर घाट क्षेत्र में बारिश के चलते उगी गाजर घास और झाड़ियों की सफाई की।
इस दौरान प्लास्टिक की थैलियों समेत घाट से 3 ट्रॉली गंदगी हटाई गई। विधायक जैन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "अब तक 371 ट्रॉली कचरा शिवना नदी से निकाला जा चुका है। यह कार्य हर रविवार को श्रमदान के रूप में जारी रहेगा। हम सभी की जिम्मेदारी है कि नदी में गंदगी न डालें और इसे प्रदूषण मुक्त बनाए रखें।"
अभियान में समाजसेवी महेश दुबे, पूर्व टीआई रामचंद्र मालवीय, राकेश जैन पिंटू, सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। महिलाओं में इष्टा भाचावत, सोनाली जैन, अनिता भदोरिया और प्रमिला पंवार ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अतिरिक्त अमलावद, आकोदड़ा और राकोदा गांवों के नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह सफाई अभियान शहरवासियों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।