पिछोर। विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बारिश से किसानों को हुए भारी नुकसान और बुनियादी ढांचे के प्रभावित होने के बाद, स्थानीय विधायक प्रीतम लोधी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल सहायता का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री को संबोधित अपने पत्र में, विधायक लोधी ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण कई किसानों की फसलें समय पर बोई नहीं जा सकीं, जबकि जिन्होंने बुवाई कर दी थी उनका खाद और बीज पूरी तरह बर्बाद हो गया। उन्होंने बताया कि इस भारी बारिश से बुनियादी ढांचे भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं, और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता की आवश्यकता है।
विधायक लोधी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द से जल्द सर्वे कराया जाए ताकि नुकसान का सही आकलन हो सके। उन्होंने यह भी मांग की है कि प्रभावित परिवारों को उचित और अधिकतम मुआवजा प्रदान किया जाए, जिससे वे अपने जीवन को दोबारा पटरी पर ला सकें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्रामीण सड़कों, पुलियाओं, घरों और अन्य ढांचों की मरम्मत सहित प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने का भी आग्रह किया, ताकि क्षेत्र की जनता का जीवन सुचारु रूप से चलता रहे।
लोधी ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री इस आपदा की घड़ी में उनकी विधानसभा में सर्वे और मुआवजे की कार्यवाही जल्द से जल्द सुनिश्चित करेंगे।