मनासा। राजपुरा फांटा चचोर रोड पर विधायक माधव मारू द्वारा स्वीकृत यात्री प्रतीक्षालय को बीती रात अज्ञात शरारती तत्वों ने नुकसान पहुंचाया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए हाल ही में प्रतीक्षालय स्वीकृत हुआ था, लेकिन असामाजिक तत्वों ने इसकी दीवारों व संरचना को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रतीक्षालय की शीघ्र मरम्मत कर यात्रियों को पुनः सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं विकास कार्यों में बाधा डालती हैं और क्षेत्र की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।